गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने अमेरिका के फ्लोरिडा के पर्ल को दुनिया का सबसे छोटा कुत्ता बताया है। इस कुत्ते की लंबाई हमारे टेलिविजन रिमोट से भी छोटी है। गिनीज बुक के अनुसार, पर्ल 3.59 इंच लंबा है। इससे पहले यह रिकॉर्ड मिरेकल मिल्ली नाम के एक कुत्ते के पास था।

वॉशिंगटन: अमेरिका का पर्ल दुनिया का सबसे छोटा कुत्ता है। पर्ल का आकार इतना छोटा है कि उसे जेब में भी रखा जा सकता है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने दो साल के पर्ल को दुनिया के सबसे छोटे कुत्ते का तमगा दिया है। इसकी लंबाई एक डॉलर के नोट के बराबर है। 1 सितंबर 2020 को फ्लोरिडा में जन्मी पर्ल सिर्फ 3.59 इंच लंबी है। पर्ल का वजन लगभग आधा किलोग्राम का है। जन्म के समय पर्ल का वजन काफी कम था। पर्ल से पहले सबसे छोटा कुत्ता होने का रिकॉर्ड मिरेकल मिल्ली के नाम था। मिरेकल मिल्ली की लंबाई 3.8 इंच थी। हालांकि, पर्ल के पैदा होने से पहले 2020 में उसकी मौत हो गई थी।

गिनीज टीवी टैलेंट शो में शामिल हुआ पर्ल

वनेसा सेमलर पर्ल और मिरेकल मिल्ली दोनों के मालिक हैं। उन्होंने बताया कि पर्ल की मां मिरेकल मिल्ली की बहन थी। वनेसा ने बताया कि हम पर्ल को पाकर बहुत खुश हैं। यह हमारे खुद के रिकॉर्ड को तोड़ने और इस अद्भुत खबर को दुनिया के साथ साझा करने को लेकर काफी उत्साहित हूं। पर्ल को हाल ही में इटली में गिनीज टीवी टैलेंट शो में “लो शो देई रिकॉर्ड” में पेश किया गया था। हालांकि, वह लाइव स्टूडियो के दर्शकों के सामने शांत और अचंभित लग रही थी। वनेसा सेमलर तीन अन्य कुत्तों का मालिक है और तीनों के आकार लगभग एक ही तरह के हैं।

मछली और चिकन है पसंद

सेमलर ने अपने पालतू कुत्ते पर्ल को एक गेंद की तरह छोटा और चाय के प्याले से थोड़ा लंबा बताया। उन्होंने कहा कि पर्ल चिकन और सामन मछली को बड़ी चाव से खाती है। सेमलर ने बताया कि पर्ल को अच्छे कपड़े पहनना भी काफी पसंद है। हम एक साथ खूब मजे करते हैं। उसकी उम्र भले ही बढ़ रही है, लेकिन दिल अब भी बच्चा है। पर्ल के रिकॉर्ड की पुष्टि फ्लोरिडा के ऑरलैंडो में क्रिस्टल क्रीक एनिमल हॉस्पिटल में मापे जाने के बाद हुई, जहां उनका जन्म हुआ था।

यॉर्कशायर टेरियर अब तक का सबसे छोटा कुत्ता

गिनीज के आधिकारिक दिशा-निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक माप उसके कंधे के बीच एक सीधी खड़ी रेखा में सामने के पैर के आधार से रीढ़ की हड्डी तक लिया गया था। अब तक का सबसे छोटा कुत्ता एक यॉर्कशायर टेरियर था। इसकी लंबाई सिर्फ 2.8 इंच ही थी। इसकी नाक की नोक से पूंछ के अंत तक केवल 3.7 इंच लंबा था। इस कुत्ते का स्वामित्व आर्थर मार्पल्स के पास था। हालांकि, इसकी मौत 1945 में अपने दूसरे जन्मदिन से पहले ही हो गई थी।